ABC News: रेलबाजार थानाक्षेत्र के लोको कॉलोनी में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. शातिर बदमाश की पहचान शिवपूजन के रूप में हुई, जो कुछ दिन पहले ही कलक्टरगंज में अपने मालिक की क्रेटा कार लेकर फरार हो गया था.

डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गोविंदनगर में रहने वाले वीरेंद्र गुलाटी का धनकुट्टी में पैतृक आवास है. वीरेंद्र के घर में शादी होने की वजह से उन्होंने जस्ट डायल से एक ड्राइवर को नौकरी पर रखा था. बीती चार जुलाई को ड्राइवर उनकी कार लेकर भाग गया. वीरेंद्र की एफआईआर पर पुलिस ने जब जांच की और जस्ट डायल से बात की तो ड्राइवर के बारे में पूरी जानकारी मिली. इस दौरान पुलिस उस पर सर्विलांस के जरिए भी नजर रखे रही. रविवार देर रात लोको कॉलोनी के पास शिवपूजन के होने की जानकारी मिली तो पुलिस ने उसकी घेराबंदी की. खुद को घिरता देखकर शातिर बदमाश शिवपूजन ने पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की.

पुलिस का कहना है कि इस दौरान शिवपूजन ने फायरिंग भी की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शिवपूजन की कार एक खंभे से जा भिड़ी, इस दौरान वह कार छोड़कर भागने लगा. पुलिस ने शिवपूजन के पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि आरोपी दिल्ली, मथुरा, वृंदावन में भी इसी तरह की वारदात कर चुका है.

