ABC News: कानपुर में डीएम के निर्देश पर एफडीए विभाग लगातार अभियान चला रहा है. शनिवार को एफडीए ने यहां पर सात दुकानों में जांच की. एफडीए अधिकारियों के अनुसार दलेलपुरवा में बॉम्बे बेकरी में निरीक्षण में गंदगी में केक का निर्माण होते मिला. यहां पर खाद्य कर्मी बिना हेड कैप, हैंड ग्लव्स और एप्रन के कार्य करते पाए गए. जबकि फूड हैंडलरों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं थे. वर्किंग एरिया में खाद्य पदार्थ बिखरे मिले, खाद्य एवं अखाद्य सामग्री एक साथ रखी हुई थी.

इसके अलावा निर्माण स्थल पर कूड़े का जमाव पाया गया. प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार हेतु वैध पंजीकरण भी नहीं था. जिसके बाद यहां पर खाद्य पदार्थों का निर्माण कार्य बंद करा दिया गया. इसी तरह डिप्टी पड़ाव चौराहा पर स्थित गोपाला स्वीट हाउस में खुले नाले के किनारे समोसे और कचौड़ी तैयार होते मिली, इसकी गंदगी नाली में डाली जा रही थी. एफडीए अधिकारियों को प्रतिष्ठान के प्रवेश और निकास मार्ग पर पानी जमा मिला, जहां पर काफी मक्खियां थीं. यहां अन्य कई जगह सफाई नहीं पायी गई, इसके चलते प्रतिष्ठान का खाद्य व्यवसाय बंद कराया गया. अभियान के दौरान अजमेरी चौराहा स्थित न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट, अफीम कोठी स्थित आगरा जैन जलेबी तथा जूही स्थित हिमानी फूड कॉरपोरेशन की भी जांच की गई.

आगरा जैन जलेबी में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक को कमियां दूर होने तक खाद्य निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए. इन सभी स्थानों पर खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लिए गए.

इसके अलावा, चमनगंज स्थित मेसर्स वारसी होटल एंड कैटरर्स के निरीक्षण में कर्मचारियों द्वारा बिना हेड कैप, ग्लव्स और एप्रन के भोजन तैयार किया जाता मिला. कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं थे. तैयार भोजन स्टेनलेस स्टील के बर्तनों के बजाय प्लास्टिक के बर्तनों में रखा गया था. भोजन बनाने में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली तथा पेस्ट कंट्रोल की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी. फ्रिज में तैयार भोजन को ढकने के लिए अखबार का उपयोग किया जा रहा था. इन सभी कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए खाद्य कारोबारकर्ता को मौके पर नोटिस जारी किया गया.

