ABC News: कानपुर में पंचायत उपचुनावों का बिगुल बज गया है. डीएम और जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने पंचायत उपचुनावों की अधिसूचना जारी कर दी है. इसके तहत आठ विकास खंडों की 29 ग्राम पंचायतों में उपचुनाव होंगे. इसमें एक ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान तो अन्य जगहों पर ग्राम पंचायत सदस्य के उपचुनाव होंगे. अधिसूचना के अनुसार, 22 जुलाई तक सुबह 10 से शाम चार बजे तक उपचुनाव के नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे.

23 को नामांकन पत्रों की जांच, 24 को नाम वापसी होगी. छह अगस्त को सुबह सात से शाम पांच बजे तक ग्राम पंचायत उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी और आठ अगस्त को मतगणना होगी. जिन विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में उपचुनाव होना है, उसमें कल्याणपुर, घाटमपुर, चौबेपुर, पतारा, बिल्हौर, बिधनू, सरसौल और भीतरगांव शामिल हैं. इसमें घाटमपुर के मकरंदपुर बांगर गांव में ग्राम प्रधान का उपचुनाव होगा और बाकी जगह ग्राम पंचायत सदस्य के उपचुनाव होंगे. इसके अलावा गांवों में इसकी मुनादी भी करायी जाएगी. नामांकन की सारी प्रक्रिया से लेकर मतगणना का कार्य संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर किया जाएगा.
इन ग्राम पंचायतों में होगा ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव
ख्योरा कटरी, बैकुंठपुर, सुरार, पनका बहादुर नगर, कोरो, कोटरा, मकरंदपुर बांगर, चितौली, बिरतियान बिठूर, बनी, पतारा, जहांगीराबाद, नंदना, मूसेपुर, औरिया, सरखेलपुर, लक्ष्मणपुर मिश्रान, रमईपुर, देहली उजागर, कुरौना बहादुरनगर, इमलीपुर, कड़री चंपतपुर, नर्वल, गढ़ी नर्वल, फुफुवार राजथोक और रॉर.

