ABC News: कानपुर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर सफर करने के दौरान यात्रियों को अपने मोबाइल की कनेक्टिविटी और सिग्नल के लिए जूझना नहीं पड़ेगा. ऐसा इसलिए, क्योंकि बीएसएनएल ने मेट्रो के सभी अंडरग्राउंड स्टेशनों और टनल के अंदर अपने नेटवर्क को लगाया है. इसके चलते जमीन के 70 फीट नीचे भी जिन यात्रियों के पास बीएसएनएल का सिम होगा, वह मोबाइल की डेटा कनेक्टिविटी और नेटवर्क को लेकर परेशान नहीं होंगे.
इसको लेकर एडवांस कम्युनिकेशन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स ने बीएसएनएल के साथ अनुबंध किया है. इस करार के तहत बीएसएनएल ने 70 फीट गहराई में स्थित भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और सुरंगों में मोबाइल बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को निर्बाध मोबाइल नेटवर्क और संचार सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. फिलहाल मेट्रो के भूमिगत सफर पर मोबाइल कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली बीएसएनएल एकमात्र सेवा प्रदाता कंपनी बन गई है. बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक प्रभांश यादव ने बताया कि बीएसएनएल ने मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर सभी टेस्टिंग पूरी कर ली हैं.
मेट्रो अपने अंडरग्राउंड रूट पर जिस दिन से यात्री सेवाएं शुरू करेगा, उस दिन से यात्रियों को यहां पर बीएसएनएल का नेटवर्क मिलना शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि जिन यात्रियों के पास बीएसएनएल का सिम होगा, उन्हें सफर के दौरान कनेक्टिविटी की समस्या से जूझना नहीं होगा. यात्रियों को 4जी सेवाएं बेहतर स्पीड के साथ मिलेंगी. मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद मजहर ने बताया कि एएसएस ने यूपीएमआरसी के साथ नौ साल का एग्रीमेंट साइन किया है. वह लोग अंडरग्राउंड स्टेशनों पर कॉमन मोबाइल इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएंगे. उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी के हिसाब से टनल के अंदर नेटवर्क मिलने से यात्रियों को असहजता का सामना नहीं करना पड़ेगा.

