ABC News: रावतपुर के मसवानपुर में तीन दिन से लापता युवक का शव कीचड़ में मिलने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि शव के सिर से मांस गायब है और जबड़ा तक बाहर आ गया है. कातिलों ने लाश को मस्जिद के बगल के खाली प्लॉट में ईटों से दबा दिया था. बुधवार सुबह प्लॉट से बदबू आने पर लोगों ने नगर निगम से सफाई कर्मचारी बुलवाए थे.
सफाई के दौरान प्लॉट में लाश मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान प्लॉट के करीब रहने वाले रज्जन गौतम के पुत्र सुमित के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मसवानपुर के फर्रा मस्जिद के पीछे प्राइवेट कर्मी रज्जन गौतम अपनी पत्नी सुनीता और और तीन बच्चों के साथ रहते हैं. मृतक की मां सुनीता ने बताया कि पड़ोस की रहने वाली किशोरी से उनके बेटे का प्रेम प्रसंग था.
बीते रविवार शाम को सुमित खाना खा रहा था तभी एक फोन आया जिसके बाद वह खाना छोड़कर चला गया, तब से वह नहीं आया. सोमवार को युवती के पिता और तीन चाचा जबरन उनके घर में घुस आए और गाली गलौज व मारपीट की थी. इतना ही नहीं सुमित का मोबाइल फोन भी उठा ले गए. आरोप है कि जब वह शिकायत करने थाने पहुंची तो पुलिस ने उन्हें भगा दिया. अगर पुलिस ने समय से कार्रवाई की होती, तो शायद उनका लाल जिंदा होता.
एसीपी रंजीत कुमार ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया. वहीं, पुलिस ने मामले में युवती के पिता और तीन चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि जिनके ऊपर आरोप लगाए गए है. पोस्टमार्टम और सीडीआर की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह से साफ हो सकेगी.

