ABC News: बिल्हौर थानाक्षेत्र के घिमऊ गांव में देर रात घर के बाहर सो रहे पुस्तक विक्रेता की नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई. हत्या की सूचना गांव में मिलते ही अफरातफरी मच गई. बताया जा रहा है कि घिमऊ गांव में रहने वाले श्री राम तिवारी रविवार रात अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे. इसी दौरान हमलावारों ने हत्या की नृशंस वारदात को अंजाम दिया.

परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने उनके सिर में सूजा घोंप कर हत्या की है. सोमवार सुबह परिजन जब सुबह सोकर उठे तब उन्होंने खून से लथपथ शव पड़ा देखा. घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना पाकर डीसपी पश्चिम विजय ढुल, एसीपी बिल्हौर अजय कुमार त्रिवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह से स्पष्ट नहीं हो पायी है. हालांकि गांव में चर्चा है कि व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के चलते कई लोग मृतक से खुन्नस रखते थे.एसीपी अजय कुमार त्रिवेदी ने बताया कि घटना के बारे में जांच की जा रही है. कई अहम साक्ष्यों को ध्यान में रखकर पूरी घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा.

