ABC News: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध हैलट अस्पताल में किस तरह से दलालों का मकड़जाल ओपीडी से लेकर वार्ड के अंदर तक किस तरह से फैला हुआ है, इसको एक बार फिर प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने पकड़ा. दरअसल, हैलट अस्पताल में मंगलवार को प्राचार्य डॉ. संजय काला अपने अधीनस्थों के साथ निरीक्षण कर रहे थे.

इसी दौरान यहां पर सुरक्षा में लगे एक्स आर्मी मैन को एक शख्स पर शक हुआ तो उसे पकड़ लिया गया. यहां पर जब उससे पूछताछ की तो पहले तो खुद को जूनियर डॉक्टर बताते हुए उसने सुरक्षा गार्डों को धमकाया. जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने बताया कि जब बात नहीं बनी तो फिर उसने खुद को सीएसजेएम यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट बताया. इसके बाद सुरक्षा गार्डों पकड़कर उसे प्रिंसिपल के पास लाए, यहां पर भी वह पूरी तरह से अकड़ में दिखा. फिर जब प्रिंसिपल ने उसका बैग खुलवाया तो उसमें कई मरीजों के ब्लड सैंपल, पर्चों से लेकर इंजेक्शन तक मिले. जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बैग किसी अनुज नाम के शख्स का बताया. बैग में अनुज का आईकार्ड भी बरामद हुआ.इस पर स्वरूपनगर पुलिस को बुलाकर आरोपी शख्स के साथ उसका बैग, आईकार्ड आदि सुपुर्द कर दिया गया.
जांच के दौरान पता चला कि हैलट में निजी पैथोलॉजी के दलाल घूमते रहते हैं तो यहां के जिम्मेदारों से मिलीभगत कर वार्डों के अंदर जाकर मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर उनसे वसूली करते हैं. प्रिंसिपल ने बताया कि जो जांच हैलट में 100 रूपए की होती है, उसी के निजी पैथोलॉजी वाले ढाई हजार रूपए तक वसूलते हैं. इस दौरान जिस मरीज के पास दलाल पकड़ा गया, उसे वेंटीलेटर पर भर्ती कराया गया है, उन्होंने कहा कि रात के समय वार्डों में अब और सख्ती की जाएगी.

