ABC News: सीएमओ पद को लेकर लंबे चले विवाद के बाद एक बार फिर से डॉ. हरिदत्त नेमी ने चार्ज संभाल लिया है. हाईकोर्ट के स्टे के बाद जिस तरह से शासन ने उनका निलंबन एक दिन पहले स्थगित किया. उसके बाद हर किसी की नजर डॉ. हरिदत्त नेमी के अगले मूवमेंट पर थी.

बताया जा रहा है कि डॉ. नेमी ने हाईकोर्ट की आवमानना के मामले में जो याचिका दाखिल की थी, उसकी सुनवाई भी आज होनी थी. ऐसे में उनकी ज्वॉइनिंग को लेकर स्वास्थ्य विभाग में काफी उत्सुकता देखी जा रही थी. इन्हीं चर्चाओं के बीच डॉ. हरिदत्त नेमी ने गुरुवार सुबह 10 बजकर पांच मिनट पर सीएमओ का चार्ज संभाल लिया. चार्ज संभालने के बाद जब मीडिया ने उनसे सवाल पूछे, तो इस बार वह मीडिया की लाइम लाइट से बचते हुए नजर आए और हर सवाल का जवाब बस ‘नो कमेंट’ कहकर दिया. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वे शासन के आदेश पर ही ज्वॉइन करने आए हैं. चार्ज संभालने के बाद, सीएमओ ने सबसे पहले चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को बुलाया और उनसे बातचीत की. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि काम में अब कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अफवाहों पर ध्यान दिए बिना अपना काम करना चाहिए. उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही न होने की हिदायत दी. ,इससे पहले जब डॉ. नेमी सीएमओ कार्यालय आए तो कर्मचारियेां में उनके पैर छूने की भी होड़ लगी रही. वहीं, डॉ. नेमी ने निर्देश दिए हैं कि सीएमओ कार्यालय में दाखिल होने वाले हर शख्स को अपना नाम, पता और काम लिखकर ही मुलाकात करने की अनुमति मिलेगी. चार्ज संभालने के बाद डॉ. नेमी सिविल लाइन स्थित एडी कार्यालय के लिए रवाना हो गए.

