ABC News: बिहार की रैली पीएम नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने के खिलाफ रविवार को कानपुर में जमकर हंगामा हुआ. पीएम मोदी के अपमान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के स्थानीय मुख्यालय तिलक हॉल का घेराव करने की बात कही थी. कांग्रेस नेताओं को जब इस बात की भनक लगी तो तिलकहॉल में वो लोग भी एकत्र हो गए.
इसके बाद रविवार को भाजपा नेताओं के साथ महिला मोर्चा पदाधिकारी और महापौर प्रमिला पांडेय भी जुलूस की शक्ल में बड़ा चौराहा से तिलकहॉल की तरफ निकली. उधर से कांग्रेस नेता भी तिलकहॉल के बाहर मेस्टर रोड पर एकत्र हो गए. एक स्थान पर पुलिस फोर्स ने बीजेपी नेताओं को रोककर समझाने का प्रयास किया लेकिन बीजेपी नेता तिलकहॉल की तरफ बढ़ गए.
तिलकहॉल के बाहर जैसे ही नारेबाजी करते हुए और प्लेकार्ड दिखाते हुए महापौर और महिला मोर्चा नेता आगे बढ़ीं तो कांग्रेस नेताओं ने भी नारेबाजी शुरू की. इसी में कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच आपस में झड़प और धक्कामुक्की भी हुई.
बाद में पुलिस ने किसी तरह हस्तक्षेप कर दोनों दलों के नेताओं को वापस भेजा. महापौर ने पीएम मोदी केा अपशब्द कहने पर कांग्रेस नेताओं को जमकर निशाने पर लिया.

