ABC News: सीसामऊ विधानसभा उपचुनावों को लेकर ऐसी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि दिल्ली मेें हुई बैठक के बाद भाजपा ने इस सीट पर अपने प्रत्याशी का नाम फाइनल कर दिया है. हालांकि, वह प्रत्याशी कौन होगा, इसका ऐलान विधानसभा उपचुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद ही किया जाएगा. संकेत इस बात के मिले हैं कि इस बार पार्टी किसी नए चेहरे को चुनावी रणक्षेत्र में उतारने जा रही है.

ऐसे में भाजपा इस बार किस चेहरे पर दांव लगाने जा रही है, इसको लेकर पार्टी के दावेदारों की उत्सुकता बढ़ गई है. अभी तक के चुनावी समीकरणों के हिसाब से पार्टी के जानकार ब्राह्मण और दलित चेहरे की ही बात कर रहे हैं. इसके अलावा अन्य परिस्थितियों में सिंधी समाज के चेहरे का भी नाम लिया जा रहा है. वैश्य कोटे में खुद एमएलसी सलिल विश्नोई पूरा जोर लगाए हुए हैं. हालांकि, उनका दावा इसलिए भी अब कम माना जा रहा है कि वह आर्यनगर और सीसामऊ में लगातार दो विधानसभा चुनाव हार चुके हैं. संगठन पर मजबूत पकड़ के चलते वह एमएलसी जरूर बने हुए हैं. भाजपा के चेहरे को लेकर इस बात की भी चर्चाएं है कि ज्यादा दावेदारेां की स्थिति में वह किसी महिला चेहरे पर भी दांव खेल सकती है. ऐसे में अब सभी की निगाहें पार्टी की तरफ लगी हुई हैं कि कब वह अपने चेहरे का ऐलान करेगी.

नए चेहरों में इनके नाम चर्चा में
दीपू पांडेय, अनूप पचौरी, नीतू सिंह, उपेंद्र पासवान, चंद्र प्रकाश गंगवानी, गुरविंदर सिंह छाबड़ा, अजय कपूर (चर्चित चेहरा लेकिन भाजपा में नया चेहरा)
