ABC News: कानपुर में नगर निगम सदन में पार्षदों के बीच जमकर हंगामा हुआ. दरअसल, सदन में जब पार्षद विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे, तभी भाजपा पार्षद विकास जायसवाल ने सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी पर टिप्पणी कर दी. भाजपा पार्षद विकास जायसवाल ने सदन में कहा कि सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी दालमंडी के कंपोजिट विद्यालय में जबरदस्ती कार्य करा रहे हैं.
भाजपा पार्षद ने आरोप लगाया कि सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी नगर निगम के कराए गए कार्यों को तुड़वाकर विधायक निधि से अब वहां पर कार्य करा रहे हैं और अपने पत्थर लगा रहे हैं. भाजपा पार्षद ने सपा विधायक पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया. भाजपा पार्षद की इस टिप्पणी पर सपा पार्षद भी उत्तेजित हो गए और सपा विधायक को गुंडा कहे जाने पर विरोध जताया. यह विरोध धीरे धीरे दोनों पक्षों के बीच विवाद में बदल गया और जनता के मुद्दों को छोड़ पार्षद आपस में भिड़ गए. इस दौरान भाजपा पार्षदों ने सपा विधायक चोर है कि नारे भी लगाए, जिससे माहौल काफी गर्मा गया.
इस दौरान सपा और भाजपा पार्षदों में आपस में धक्कामुक्की भी हुई. जिसमें सदन में लगे माइक के कई तार टूट गए, हंगामा बढ़ता देखकर महापौर ने दोनों दलों के पार्षदों को समझाने की कोशिश की और हंगामा करने पर सदन से बाहर करने की चेतावनी दी. इसके बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ तो कुछ देर के लिए सदन स्थगित कर महापौर बाहर चली गईं.

