ABC News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा है कि वह पीडीए से घबराई हुई है. दरअसल, कानपुर में विधायक नसीम सोलंकी और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के घर पर आए सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने जब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को लेकर सवाल किए गए तो उन्होंने कहा कि पीडीए से घबराकर वह हर प्रयास कर रही है लेकिन सपा उनके सारे प्रयास फेल करेगी.
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर हर बूथ पर संगठन को तैयार किया जा रहा है और बीजेपी के षणयंत्र से सभी को सचेत रहने को कहा गया है. शिवपाल यादव ने कहा कि चुनाव में बीजेपी बेईमानी कारती है, मशीन से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों का उपयोग करती है लेकिन इस बार सपा के लोग भाजपा से डटकर मुकाबला करेंगे और चुनाव जीतेंगे. बीजेपी पर विकास के वादे पूरे न कर केवल ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर नहीं है, कानपुर में कहीं भी स्मार्ट सिटी जैसा कुछ नहीं लगता, कर्मचारियों की स्थाई नियुक्ति न कर आउटसोर्सिंग में भर्ती किया जा रहा है, जिसमें भी काफी कम वेतन दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि जनता परेशान है और इस बार चुनाव पर सभी सीटों पर सपा जीतेगी. विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर कहा कि कम से कम 15 बैठकों का सत्र में नियम है लेकिन इसका पालन भी बीजेपी नहीं करती है. एसआईआर केा लेकर कहा कि सपा के लोग इस बात में लगे हैं कि कोई भी सही मतदाता वोटर सूची में अपना नाम दर्ज कराने से न चूके.

