ABC News: भाजपा के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष चर्चा का विषय बन गए हैं. दरअसल, भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने प्राइवेट अस्पताल के वार्ड को ही मीटिंग हॉल बनाते हुए वहां पर मंडल अध्यक्षों से लेकर प्रभारियों की बैठक ली.

इस दौरान भाजपा नेता मरीजों के बेड पर बैठकर जिलाध्यक्ष के निर्देशों को सुनते रहे. इसके बाद जैसे ही इस बैठक की तस्वीरें भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर वायरल कीं, तो यह चर्चा का केंद्र बिंदु बन गईं. आपको बता दें कि भाजपा के उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित पैर में फ्रैक्चर की वजह से आर्यनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हैं. कुछ दिन पहले ही उनके पैर का आपरेशन भी हुआ है.

इसके बाद से ही भाजपा नेता लगातार उनसे मिलकर उनका कुशलक्षेम जान रहे हैं. बहरहाल, सोमवार को हुई इस बैठक के दौरान मरीजों के बेड पर ही भाजपा नेता बैठे रहे. इस दौरान सरकार के आठ साल पूरे होने पर जो कार्यक्रम आयेाजित किए जाने हैं, उनको लेकर भी चर्चा की गई.

