ABC News: एसआईआर को लेकर एक तरफ जहां भाजपा की प्रदेश स्तर बैठक में विधायकों पर नाराजगी जताई गई, वहीं, बात अगर कानपुर की करें तो यहां पर पार्षद भी इसको लेकर पूरी तरह से सक्रिय नहीं हैं. इस बात का पता ऐसे लगा कि जब भाजपा दक्षिण कमेटी ने अपनी बैठक की तो साउथ सिटी में भाजपा के 36 पार्षदों केवल सात ही पहुंचे. बाकी अन्य पार्षदों ने बैठक में जाना तक मुनासिब नहीं समझा. अब पार्टी ने सभी निष्क्रिय पार्षदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.

दरअसल, एसआईआर को लेकर भाजपा दक्षिण जिले की बैठक में सभी पार्षदों को बुलाया गया था. इस बैठक में उन्हें भी बुलाया गया था, जो पार्षदी का चुनाव हार गए थे. सूचना के बाद भी केवल सात पार्षद बैठक में पहुंचे. कुल 36 पार्षदों में 29 पार्षदों के अनुपस्थित रहने पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह को अनुपस्थित सभी पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी एसआईआर में जुट जाएं इस अभियान का असर अगले बीस वर्षों तक रहेगा. पार्टी कार्यकर्ता 26 दिसम्बर तक प्रत्येक बूथ पर मतदाता सहायता कैंप लगाकर लोगों की एसआईआर फार्म भरवाने में मदद करें. सांसद रमेश अवस्थी ने भाजपा जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षदों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर अभियान में पूरी तरह से जुटने के निर्देश दिए. दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने हर बूथ पर तीन तीन लोगों की टीम बनाकर हर घर मेें जाकर शिफ्टेड और अनट्रेसेबल मतदाताओं को ढूढ़ने को कहा है.

