ABC News: कानपुर में पुलिस ने सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. यहां पर बिठूर और सेन पश्चिम पारा में पुलिस और क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर आईपीएल मैच में हो रही सट्टेबाजी का खुलासा करते हुए 15 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए सट्टेबाजों के पास से भारी मात्रा में कैश, मोबाइल और अन्य माल बरामद हुआ है.
बिठूर में 10 सट्टेबाज पकड़े, 16.61 लाख नकद बरामद
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आईपीएल मैच में हो रही बड़ी सट्टेबाजी का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में बिठूर में 10 सट्टेबाजों को गिरफ्तार कर उनके पास से 16 लाख 61 हजार रूपए नकद बरामद किया है. यही नहीं, पुलिस ने सट्टेबाजाों का एक बैंक खाता भी फ्रीज कराया है, जिसमें 14 लाख रूपए जमा हैं. डीसीपी वेस्ट आरती सिंह ने सट्टेबाजों का खुलासा करते हुए बताया गया कि आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाने की तमाम जानकारी आ रही थी, जिसके बाद सर्विलांस टीम के साथ बिठूर पुलिस ने नारामऊ, मंधना में अमन तिवारी के घर पर छापेमारी की. इस पूरे आपरेशन की अगुवाई एसीपी चकेरी सुमित रामटेके ने की. जैसे ही पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई, सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया, पुलिस ने यहां पर दस सट्टेबाजों को पकड़ने के अलावा 25 मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि इन सभी सट्टेबाजों का कनेक्शन खंगाला जा रहा है. गिरफ्तार अभियुक्तों में रजी खान जनाब अली, इरशाद अहमद, मो. रहीम, गौरव द्विवेदी, मो. इरफान, तैय्यब अहमद, मो. इमरान, इरफान खान और आमिर खान शामिल हैं.
सेन पश्चिम पारा से पांच सट्टेबाज गिरफ्तार, 6.78 लाख नकद बरामद
क्राइम ब्रांच ने भी आईपीएल मैच लगाए जा रहे सट्टे का खुलासा किया है. क्राइम ब्रांच ने मामले का खुलाासा करते हुए पांच सटोरियों को पकड़ा है. पुलिस को इनके पास पास से करीब पौने सात लाख रूपए नकद, 19 मोबाइल, लैपटॉप, सट्टे की पर्चियां और अन्य माल बरामद किया है. डीसीपी क्राइम मोहम्मद कासिम ने बताया कि पुलिस को पिछले कई दिनों से आईपीएल मैच में जीत-हार के साथ प्रत्येक बॉल पर सट्टा लगाने वाले की सूचना मिला रही थी. मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने थाना सेन पश्चिम पारा में छापा मार कर सटोरियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए सटोरियों में रोहित कुमार, विजय, संदीप साहू, सौरभ मखानी, अमित सोनी शामिल हैं,, उनका कहना है कि सटोरियों के तार दुबई से भी जुड़े हैं,, इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है.

