ABC News: सीसामऊ विधानसभा में एक तरफ जहां भाजपा के प्रत्याशी पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं, वहीं तमाम लोग टिकट को लेकर अपनी अपनी भविष्यवाणी भी करने में जुटे हैं, इन सबके बीच पूर्व विधायक राकेश सोनकर ने नामांकन फॉर्म खरीदकर हलचल तेज कर दी है. राकेश सोनकर ने नामांकन फॉर्म के तीन सेट खरीद हैं. जिसके बाद राजनैतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. अभी तक इस सीट पर ब्राह्मण प्रत्याशी के कयास लग रहे थे लेकिन अब माना जा रहा है कि अगर राकेश प्रत्याशी होते हैं तो उनका प्रस्तावक ब्राह्मण चेहरा होगा.राकेश सोनकर के अलावा रवी प्रताप सिंह ने भी भाजपा की तरफ से नामांकन फॉर्म खरीदा है.

बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व ने राकेश सोनकर को लखनऊ भी बुला लिया है. आपको बता दें कि राकेश सोनकर तीन बार के विधायक रह चुके हैं. राम जन्मभूमि आंदोलन का चेहरा रहे राकेश सोनकर उस समय सीसामऊ से विधायक बने थे, जब पुराने परिसीमन में यह सुरक्षित सीट हुआ करती थी. इसके बाद राकेश सोनकर का टिकट काटकर यहां पर केसी कपूर सोनकर को बीजेपी ने टिकट दिया था लेकिन उन्हें हार का स्वाद चखना पड़ा था, तब राकेश सोनकर पर क्रॉस वोटिंग के भी आरोप लगे थे, हालांकि, इसके बाद वह फिर इस सीट पर चुनाव लड़े लेकिन जीत नहीं पाए, इसके बाद वह भाजपा मेें उत्तर जिलाध्यक्ष भी रहे. राकेश सोनकर एक बार बिल्हौर से भी चुनाव लड़े लेकिन उन्हें हार का स्वाद चखना पड़ा था. राजनीति के शुरूआती दिनों में कुली बाजार से राकेश सोनकर पार्षद भी रह चुके हैें और बजरंग दल से भाजपा में आए विनय कटियार के अत्यंत निकटस्थ नेताओं में राकेश सोनकर माने जाते हैं.

