ABC News: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में एक और स्टूडेंट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में बीसीजी टेक्नीशियन प्रथम वर्ष के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. परिजनों का कहना है कि छात्र का फोन लगातार स्विच ऑफ जा रहा था, वहीं एक और जानकारी सामने आ रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि छात्र ने किसी युवती से झगड़ा करने के बाद वीडियो कॉल कर अपनी जान दे दी.
पुलिस का कहना है कि पूरी घटना की जांच पड़ताल की जा रही है. बांदा के बबेरू निवासी मोतीलाल ने बताया कि उनका बेटा अरविंद कुमार (19) जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में बीसीजी टेक्नीशियन के प्रथम वर्ष का छात्र था. बीते वर्ष दिसंबर में उसने एडमिशन लिया था. पिता के अनुसार शुक्रवार को ही वह घर से कॉलेज गया था. बीते शनिवार दोपहर तीन बजे बेटे से बात हुई थी. इसके बाद रात में फोन नहीं मिला. रविवार और सोमवार शाम तक फिर फोन न मिलने पर वह तुरंत अपने अन्य परिवार के लोगों के साथ चल दिए. बताया कि सोमवार देर रात एक बजे ब्लॉक नंबर छह पहुंचने पर उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था.
इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़ा, जहां अंदर बेटे का शव फंदे पर लटक रहा था. पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है. गौरतलब हो कि इससे पहले जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के फार्मेसी हॉस्टल में बी फार्मा के एक छात्र ने भी कुछ महीने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी.

