ABC News: कानपुर में एचडीएफसी बैंक की पनकी शाखा में महिला कर्मचारी के गुस्से का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब उसकी सफाई सामने आयी है. सोशल मीडिया में इस वीडियो में आने के बाद लोग दो धड़ों में बंट गए हैं. बैंक कर्मचारी का नाम आस्था सिंह बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद महिला बैंक कर्मचारी की पूरे मुद्दे पर सफाई आयी है, जिसमें उसने वायरल हुए वीडियो को जनवरी का बताया है.
आस्था के मुताबिक, वायरल हो रहा वीडियो किसी बैंक ग्राहक के साथ विवाद का नहीं है. यह झगड़ा उनकी ही एक सहकर्मी के पति के साथ हुआ था. उन्होंने बताया कि यह वीडियो पुराना है और जनवरी का है, जिसे अब गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है. अपने विवादित बयान ठाकुर हूं मैं…पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जाति पर गर्व है और उन्होंने यह बात आत्मसम्मान में कही थी. उन्होंने कहा कि वह मामले की निष्पक्ष जांच चाहती है, आस्था ने कहा कि गेट को लेकर बैंक कर्मचारी की ननद के साथ उनका विवाद हुआ था. बैंक कर्मचारी ने इस्तीफा दिया था और उसी दिन उन्हें रिलीविंग चाहिए थी. बैंक में आए उनके पति को इस बात पर गुस्सा था कि तुरंत काम नहीं किया गया. बैंक कर्मचारी ने अपनी साथी कर्मचारी के पति पर भी अमर्यादित भाषा का उपयोग करने और अभद्र व्यवहार करने का आरेाप लगाया.
शाम होते-होते ऋतु त्रिपाठी भी आयीं सामने
वहीं, शाम होते होते जिस साथी कर्मचारी और उनके पति से आस्था का विवाद हुआ था, उनकी भी सफाई सामने आयी. एक मीडिया चैनल से जो बातचीत हुई, उसके मुताबिक, ऋतु त्रिपाठी ने कहा कि वह उस दिन रिजाइन देने गई थीं. पांच साल से वह उस बैंक में काम कर रही हैं लेेकिन बैंक के अन्य कर्मचारियों का उनके प्रति जो व्यवहार था, उसकी वजह से उन्हें रिजाइन करने का निर्णय लिया. छह जनवरी को उनकी नंद भी साथ गई थी. बैंक के वॉशरूम का दरवाजा आस्था ने लॉक नहीं किया था, जिस पर उनकी नंद ने उन्हें दरवाजा लॉक करने को कहा, तो वह उन्हीं पर चिल्लाने लगीं. इसके बाद भी ताने कसने का आरोप लगाया गया. इसके बाद जब उनके पति आए और पूरी बात पूछी तो उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर उन्होंने जानकारी क्यों नहीं दी. इसके बाद यही के एक कर्मचारी शिवम सिंह से पूरे वाक्ये के बारे में पूछा, जिस पर वह चिल्लाने लगी और उल्टी सीधी बातें कहने लगीं. ऋतु और उनके पति ने कहा कि उन्हें भी ब्राह्मण होने पर गर्व है और ब्राह्मण होना गुनाह नहीं है. न्यूज चैनल के साथ बातचीत में ऋतु ने मामले में लीगल एक्शन लेने की बात कही है.

