ABC News: ग्रीनपार्क में भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच के दौरान एक वाक्या ऐसा सामने आया, जिससे पुलिस प्रशासन और यूपीसीए पदाधिकारियों के होश फाख्ता कर दिए.

दरअसल, ग्रीनपार्क में बांग्लादेश की टीम को चीयर करने के लिए उसका सपोर्टर टाइगर रूबी ग्रीनपार्क आया हुआ था. यहां पर बांग्लादेश फैन अपनी परंपरागत पोशाक में ग्रीनपार्क की दर्शक दीर्घा में बैठकर अपनी टीम को चीयर कर रहा था. बताया जा रहा है कि इसी दौरान सी बालकनी में उस हिस्से में पहुंच गया, जहां पर दर्शकों के बैठने के लिए पीडब्ल्यूडी की तरफ से अनुमति नहीं दी गई थी.

आरोप है कि, इसी दौरान टाइगर सबसे हटकर सबसे आगे जाकर अपने देश का झंडा लहराने लगा. इस पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जब उसे वहां से पीछे आने को कहा तो उसने इनकार करते हुए उन्हें भला-बुरा कहा. जिसके बाद बाउंसर उसे पकड़ कर पीछे आने लगे, इसी में हल्की धक्का-मुक्की हुई.

जिसके बाद टाइगर वहीं जमीन पर फैल गया और खुद को बाउंसर और भारतीय प्रशंसकों द्वारा मारने की बात करने लगा, कई बार उसे उठाने की कोशिश की गयी लेकिन वह मानने से इनकार करते हुए खुद की हालत खराब बताने लगा. जिसके बाद उसे रिजेंसी अस्पताल ले जाया गया. इस घटना के बाद देर शाम ग्रीनपार्क स्टेडियम के अंदर लगे सीसीटीवी वीडियो की फुटेज भी सामने आयी. इस वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह बांग्लादेशी फैन सामान्य चाल से चलता हुआ आ रहा है और उसके बाद अचानक पेट पकड़कर बैठ गया. मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि बांग्लादेशी फैन को पहले से ही बीमारी थी. इसके बाद उसकी स्थानीय पुलिस और यूपीसीए पदाधिकारियों ने मदद भी की. एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय का कहना है कि बांग्लादेशी प्रशंसक की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब उनकी तबीयत ठीक है और उनके साथ एक शख्स को भी लगाया गया है. मारपीट की घटना को उन्होंने निराधार बताया है.

