ABC News: कानपुर में सावन के महीने में हुई जमकर बारिश के बाद अब भादों में भी जमकर पानी बरसेगा. इसको लेकर मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 12 और 13 अगस्त को कानपुर मंडल में भारी बारिश हो सकती है. हालांकि, सोमवार को मौसम साफ रहेगा और बादलों की आवाजाही के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है.
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार की तरह सोमवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इसके साथ ही छिटपुट बारिश भी हो सकती है. उन्होंने बताया कि 12 से 14 अगस्त के बीच कानपुर मंडल में भारी बारिश का अनुमान है. इस दौरान 30 से 35 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है.

चेतावनी बिंदु से 900 सेंटीमीटर नीचे गंगा
कानपुर में बढ़ते जलस्तर के बीच गंगा अब चेतावनी बिंदु से करीब 900 सेंटीमीटर नीचे हैं. आशंका इस बात की जताई जा रही है कि अगले दो से तीन दिन में गंगा का पानी चेतावनी बिंदु पार कर जाएगा. इसको लेकर कटरी के गांवों में हलचल तो दिख रही है लेकिन ग्रामीण अभी अपना घर छोड़ने को तैयार नहीं दिख रहे हैं. रविवार को गंगा का जलस्तर शुक्लागंज की तरफ 112.080 मीटर पर पहुंच गया. वहीं, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 113.58 मीटर और डाउनस्ट्रीम 113.38 मीटर पर रहा. रविवार को गंगा बैराज से डिस्चार्ज जाने वाले पानी की मात्रा को और बढ़ा दिया गया और यहां से दो लाख 92 हजार 469 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसर, हरिद्वार से 95 हजार 557 क्यूसेक और नरोरा से तीन लाख पांच हजार 41 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. जो अगले तीन दिन में कानपुर पहुंच जाएगा. इसके अलावा गंगा की सहायक नदियां भी यहां पर जलस्तर बढ़ाने में अपनी भूमिका निभा रही हैं. इसे देखते हुए प्रशासन लगातार बढ़े हुए जलस्तर पर अपनी निगाह रख रहा है.

