ABC News: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल की इमरजेंसी का मामूली बात पर यहां के गार्ड ने मरीज के तीमारदार के साथ बदसलूकी की. यही नहीं यहां पर ड्यूटी पर तैनात जूनियर डॉक्टर ने भी तीमारदार के साथ मारपीट की. इसको लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

हालांकि, एबीसी न्यूज इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वीडियो हैलट अस्पताल की इमरजेंसी का बताया जा रहा है. यहां पर तैनात गार्ड पहले मरीज के तीमारदार पर आक्रोश दिखाता है, इसके बाद उसके हाथ से मोबाइल छीन लेता है. इस दौरान आसपास अन्य गार्ड भी खड़े नजर आ रहे हैं.

बताया जा रहा है कि रविवार को यहां पर एक मरीज भर्ती होने आया था, जिसे डॉक्टरों ने मैटरनिटी सेंटर भेज दिया था. वहां पर मरीज की सुनवाई नहीं हो रही थी, जिस पर तीमारदार ने अंदर का वीडियो बना लिया था. तभी एक गार्ड की नजर उस पर चली गई. पहले तो गार्ड ने वीडियो डिलीट करने को कहा लेकिन जब तीमारदार ने मना कर दिया तो अभद्रता और मारपीट शुरू हो गई. वीडियो सामने आने के बाद इस मामले में जांच बैठ गई है. हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ आरके सिंह का कहना है कि गार्ड को निष्कासित कर दिया गया है मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी गई है, इस बीच जिस मरीज को यहां पर भर्ती कराया गया था देर रात उसकी मौत भी हो गई.

