ABC News: किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी भाजपा नेता रवि सतीजा के खिलाफ अब एक और शिकायत दर्ज करायी गई है. जबरन फ्लैट पर कब्जा करने को लेकर यह शिकायत पीड़ितों ने पुलिस कमिश्नर दफ्तर में की है. पीड़ित शिकायतकर्ता हेमेंद्र सिंह का कहना है कि डब्ल्यु ब्लॉक जूही स्थित सोना मेंशन में फ्लैट खरीदा है. उनके साथ कुछ अन्य लोगों ने भी यहां पर फ्लैट लिए हैं.
इसके बावजूद भाजपा नेता रवि सतीजा उन्हें कब्जा नहीं लेने दे रहे हैं. पीड़ितों के मुताबिक, यहां पर बिल्डर और रवि सतीजा के बीच आपसी विवाद चल रहा है, इसके चक्कर में उन लोगों को परेशान किया जा रहा है. हेमेन्द्र सिंह का कहना है कि रवि सतीजा ने अपने प्लाट का पंजीकृत बिल्डर एग्रीमन्ट मेसर्स जाग्रति टैक्स प्रो० प्रा० लि० के साथ कर रखा है. इस कम्पनी के डायरेक्टर सत्य नारायण अग्रवाल है, जिनके द्वारा फ्लैट संख्या 7, 8 व बेसमेन्ट का कब्जा व दाखिल हेमेन्द्र सिंह व सुमन अग्रवाल को करा दिया गया है. इसके अलावा फ्लैट नंबर 11 राजेंद्र वर्मा के नाम है. पीड़ितो का कहना था की बिल्डर एग्रीमेंट होकर फ्लैट खरीदने के बाद भी रवि सतीजा सोना मेंशन के फ्लैट व बेसमेंट में जबरन कब्जा करके गुंडागर्दी कर रहे हैं. उन्होंने यहां पर जगह जगह कैमरे लगा रखे हैं, ऐसे में जब वह लोग कब्जा लेने जाते हैं, तो सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिखा रवि सतीजा उन पर फर्जी मुकदमा करा देते हैं. इससे परेशान होकर फ्लैट के मालिकों ने पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस पहुंचकर अपनी बात पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के सामने रखी. पीड़ितों का कहना है रवि सतीजा अपने को भारतीय जनता पार्टी का नेता बताकर दबाव बना रहे हैं. उनका कहना है कि वह अपने हिस्से में होटल का संचालन भी कर रहे हैं. पीड़ितों ने थाना पुलिस पर रवि सतीजा के साथ मिलीभगत में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है.

