ABC News: कानपुर के ओमपुरवा बताशे वाली गली में कई महीनों से सीवर भराव की समस्या से परेशान लोगों का सब्र रविवार को जवाब दे गया. आक्रोशित इलाकाई लोगों ने यहां पर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया. इस दौरान तेज धूप और उमस वाली गर्मी में तमाम राहगीर परेशान हो गए.
ओमपुरवा में आने वाले वार्ड 29 की बताशे वाली गली में रहने वाले लोगों ने बताया कि यहां पर छह महीने से अधिक समय से सीवर भराव की समस्या है. इसकी वजह से उनके घरों में अब दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई होती है. हंगामा और जाम लगाए स्थानीय लोगों ने इलाकाई पार्षद जितेंद्र चौरसिया पर उन लोगों के साथ भेदभाव बरतने का आरोप लगाया.
स्थानीय लोगों ने कहा कि दूषित जलापूर्ति से कई बच्चे बीमार हैं. इसके अलावा बीमारियां फैलने की भी आशंका है. इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया. बाद में यहां के लोग अपनी समस्या को लेकर विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय भी गए.

