ABC News: तीन दिनों तक आयोजित होने वाले बिठूर महोत्सव में एआई प्रदर्शनी, रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन और फ्लावर शो का भी आयोजन किया जाएगा. इसको लेकर सीडीओ दीक्षा जैन ने बताया कि 26 से 28 फरवरी तक बिठूर स्थित नानाराव पार्क में तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जाएगा. आयोजन का संचालन गठित बिठूर महोत्सव समिति द्वारा किया जा रहा है.

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस बार महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नवाचार और विकास को भी प्रमुखता दी गई है. रक्षा क्षेत्र में देश के सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्मित उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. आईआईटी कानपुर द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित परियोजनाओं की एआई प्रदर्शनी विशेष आकर्षण रहेगी. साथ ही फ्लावर शो, कानपुर के प्रसिद्ध व्यंजनों की प्रदर्शनी, एक जनपद एक उत्पाद स्टॉल और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी. मंचीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में यूफोरिया बैंड की प्रस्तुति और बॉलीवुड संगीत संध्या मुख्य आकर्षण होंगे. रामकला केंद्र द्वारा कर्ण आधारित नाट्य मंचन, कथक नृत्य प्रस्तुति, कवि सम्मेलन तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने के लिए कठपुतली नृत्य, कच्चीघोड़ी, शहनाई वादन और रावनहाथा की प्रस्तुति भी होगी.
बिठूर महोत्सव के कार्यक्रम
26 फरवरी (गुरुवार)
▪ उद्घाटन समारोह
▪ दीप प्रज्वलन एवं मंत्रोच्चार
▪ बिठूर थीम गीत प्रस्तुति
▪ भोपाल कथक समिति द्वारा शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति
▪ लाइव बैंड एवं बॉलीवुड संगीत संध्या
▪ डॉ. पलाश सेन एवं यूफोरिया (भारतीय पॉप-रॉक बैंड)
27 फरवरी (शुक्रवार)
▪ द बैटल ऑफ बैंड्स
▪ कानपुर्स गॉट टैलेंट – स्थानीय प्रतिभाओं का मंच
▪ श्री राम कला केंद्र द्वारा कर्ण आधारित नाट्य प्रस्तुति
▪ कवि सम्मेलन
28 फरवरी (शनिवार)
▪ छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम
▪ शास्त्रीय संगीत संध्या
▪ सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज की विशेष प्रस्तुतियां
▪ पारंपरिक लोक प्रस्तुतियां – पाई डंडा, पंजाबी गिद्धा, ब्रज की होली
▪ रात्रि में म्यूजिक कॉन्सर्ट एवं बॉलीवुड संगीत कार्यक्रम

