ABC News: कानपुर के शक्कर मिल खलवा में करीब तीन महीने पहले धंसे डॉट नाले की वजह से लगातार जलभराव की समस्या चल रही है. इस समस्या के विरोध में स्थानीय निवासियों ने पार्षद की अगुवाई में नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. इस दौरान एक बाल्टी में भरकर लाए गए कीचड़ युक्त पानी को पार्षद ने अपने उपर डालकर विरोध जताया.
पार्षद विकास साहू का कहना है कि तीन महीने से शक्कर मिल खलवा, तलउवा मंडी और आसपास की जनता नारकीय स्थितियों का सामना कर रही है. इसके बावजूद नगर निगम अफसर सुनने को तैयार नहीं है. तीन महीने से पानी भरा होने की वजह से बस्ती के अधिकतर लोग बीमार हैं. पार्षद का आरोप है कि बीमारियेां के चलते अब तक चार लोगों की मौत भी हो चुकी है लेकिन नगर निगम अफसर सुनने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि अब तक डॉट नाले की समस्या का हल नहीं निकाला गया है. जिससे वह लोग काफी परेशान है. जलभराव के अलावा पेयजल की समस्या बनी हुई है, गंदगी अलग परेशान कर रही है, इन हालातों में वहां पर रहना तक मुश्किल हो गया है.

