ABC News: पीलीभीत से आयी आदमखोर बाघिन कानपुर के चिड़ियाघर में चार दिन तक डिप्रेशन में रही. इस दौरान उसने खाना भी नहीं खाया और दो रातों तक वह सोई भी नहीं. हालांकि, धीरे—धीरे उसके स्वभाव मेें अब परिवर्तन आ रहा है. एक दिन पहले जहां उसने मटन खाया, वहीं शुक्रवार को भी उसने मांस खाया है.
हालांकि, चिड़ियाघर से जुड़े सूत्र बताते हुए कि इसके पहले उसे जिंदा मुर्गे खाने को दिए गए थे, इस दौरान बाघिन ने मुर्गों को मार तो दिया लेकिन उसे खाया नहीं था. आपको बता दें कि पीलीभीत में पांच लोगों को मारकर खाने वाली बाघिन को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़कर कानपुर चिड़ियाघर लाया गया था. बाघिन के खाना खाने के बाद अब डॉक्टरों ने उसका डाइट चार्ज बना दिया है. हालांकि, चिड़ियाघर के डायरेक्टर कन्हैया पटेल बाघिन के डिप्रेशन में होने की बात को नहीं स्वीकारते.
उनका कहना है कि वन्य जीवों को भी हालात से सामंजस्य बैठाने में समय लगता है, जिसकी वजह से वह थोड़ा परेशान दिख रही थी लेकिन पिछले दो दिनों से उसने खाना शुरू कर दिया है. अब उसका बर्ताव भी नॉर्मल हो गया है. आने वाले समय में जैसा आदेश होगा, उसी के अनुसार काम किया जाएगा,, फिलहाल उसे एकांतवास में रखा गया है.

