ABC News: कानपुर में डीएम की संवेदनशील कार्यप्रणाली लोगों को काफी राहत पहुंचा रही है. ऐसे ही एक मामले में ग्राम सेन पश्चिमपारा की दिव्यांग महिला मिथलेश को सात साल बाद भूखंड पर कब्जा मिला. मिथलेश ने साल 2018 में भूखंड खरीदा था लेकिन आज तक उसे कब्जा नहीं मिल पाया था. यह मामला डीएम के सामने संपूर्ण समाधान दिवस में आया था. इसके बाद राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सात दिन की समयसीमा का पालन करते हुए मिथलेश को उनकी जमीन पर कब्जा उपलब्ध कराया.

भूखंड पर कब्जा मिलते ही मिथलेश की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इसके अलावा परमट निवासी दिनेश चंद्र अपनी जन्मजात दिव्यांग पुत्री के लिए मदद की गुहार लेकर आए थे. सात दिन की अवधि में उनका आय प्रमाणपत्र तैयार कर दिया गया, पेंशन और प्रमाणपत्र की प्रक्रिया संचालित कराई गई और आधार कार्ड का आवेदन भी ऑनलाइन पूर्ण कराया गया. एक अन्य मामले में ग्राम जरौली की पुष्पा देवी का नाम खतौनी में दर्ज न होने की शिकायत पर अभिलेख दुरुस्त कर प्रविष्टि कराई गई. शारदा नगर निवासी रविकांत शुक्ला की सोलर चेक मीटर संबंधी समस्या भी विद्युत विभाग ने इस अवधि में निस्तारित की गई. अख्तरी बेगम और नसरीन वसी के राशनकार्डों में संशोधन किया गया, वहीं अमित कुमार का लंबित अंत्योदय राशनकार्ड भी जारी कर दिया गया. आधार सुधार से जुड़े प्रकरणों में चंद्रिका प्रसाद कुरील और सौम्या गौतम के आवेदन परीक्षण के बाद पूरे कराए गए. जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण है. उन्होंने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में लंबित रहे जटिल प्रकरणों को निर्धारित समयावधि में हल कर दिया गया है, जिससे फरियादियों को बार-बार भटकना न पड़े. सभी शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और समाधान स्थायी रूप से सुनिश्चित कराया जा रहा है.

