ABC News: रसोई गैस को लेकर मची मारामारी के बीच अब प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है. बुधवार को गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ आपूर्ति विभाग ने सख्त एक्शन लिया. डीएम के निर्देश पर जिलापूर्ति अधिकारी ने दो स्थानों पर छापा मारकर रसोई गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण को पकड़ा. दोनों स्थानों पर 49 सिलेंडरों के अलावा रिफिलिंग उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद हुआ है. दोनों ही मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.

जिलापूर्ति अधिकारी राकेश कुमार की अगुवाई में सबसे पहले ग्वालटोली में छापा मारा गया. ग्वालटोली में इकबाल नाम के शख्स के घर पर छापेमारी के दौरान अफरातफरी मच गई. मौके पर घरेलू और कमर्शियल श्रेणी के कुल 46 सिलेंडर, छह रिफिलर तथा एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया. जांच में गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग होने के साक्ष्य यहां पर पाए गए. जिसके बाद ग्वालटोली थाने में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा फेथफुलगंज में पानी की टंकी के पास इमरान नाम के शख्स की दुकान की जांच की गई. यहां पर तीन एलपीजी सिलेंडरों के अलावा रिफिलिंग उपकरण और नोजल आदि बरामद हुई. यहां पर भी मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए. जिलापूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 11 मार्च को कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. कंट्रोल रूम की लैंडलाइन और व्हाट्सएप के माध्यम से कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 शिकायतों का उसी दिन निस्तारण कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण कराया जा रहा है. डीएसओ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के 9 क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और 18 पूर्ति निरीक्षकों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की निगरानी के लिए लगाया गया है. किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

