ABC News: कानपुर के रतनलाल नगर में सोमवार दोपहर बेसमेंट की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. प्लॉट में चल रही खुदाई के बीच एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे खिंचाव पैदा हुआ और एक के बाद एक पांच बिजली के पोल भरभराकर गिर पड़े. हादसे में सब स्टेशन के पास खड़ी एक स्कूटी समेत तीन बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.
अचानक पोल गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में सैलून संचालक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रतनलाल नगर स्थित केस्को सब स्टेशन के पास लाजपत नगर में टायर्स शॉप के संचालक का करीब 400 वर्ग गज का प्लॉट है. इलाकाई लोगों के मुताबिक यहां पिछले करीब पांच दिनों से जेसीबी मशीन से बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था. सोमवार दोपहर खुदाई के दौरान प्लॉट के पास खड़ा एक पेड़ बिजली के तारों की चपेट में आकर गिर पड़ा. पेड़ महादेव नगर में सुनील कुमार की पंचर की दुकान के पास गिरा, जिससे उनका कंप्रेशर भी पलट गया.
यही नहीं, पोल के नीचे बाइक और स्कूटी भी बद गए. इसी दौरान एक पोल केस्को सब स्टेशन के पास स्थित सैलून पर जा गिरा. सैलून मूल रूप से बिहार के छपरा के घाटा मोहम्मदपुर निवासी और वर्तमान में बर्रा-4 में रहने वाले सैलून संचालक का था. पोल की चपेट में आने से सैलून संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन फानन में रियाज को पास के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया. यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस दौरान केस्को आए कई लोगो के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए, हादसे के बाद प्लॉट मालिक व जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी पर गोविंद नगर पुलिस व केस्को अधिकारी मौके पर पहुंचे और यहां पर राहत कार्य शुरू कराया.

