ABC News: कानपुर के बर्रा आठ इलाके में युवक की निर्मम हत्या करने के बाद शव को पांडु नदी के पास खाली प्लॉट में फेंक दिया गया. युवक के हाथ पीछे से रस्सी से बांधे गए थे, जबकि चेहरे को बोरी से ढक कर ऊपर पत्थर रखा था. सुबह जब स्थानीय लोग यहां पर सड़क से निकले, तो शव देखकर पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में लगी है.
आशंका है कि हत्यारोपितों ने सिर पर भारी वस्तु से प्रहार के बाद हाथ बांधे, फिर गला कसा. अचेत होने पर बोरी से चेहरा बांध कर फेंक दिया. शव जिस प्लॉट में पड़ा था, वहां टायरों के निशान भी मिले हैं. जबकि कुछ दूरी पर मृतक के दूसरे पैर का जूता पड़ा हुआ था. ऐसे में शव को कार से लाकर फेंकने की बात भी कही जा रही है. हत्या को देर रात अंजाम दिए जाने की आशंका है. सूचना पर गुजैनी पुलिस, फॉरेंसिक के बाद डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी योगेश कुमार भी पहुंचे. डीसीपी के मुताबिक, डीसीपी के मुताबिक, शव की शिनाख्त हो गई है.
मृतक रमईपुर, जहानपुर का रहने वाला विपिन तिवारी है. मृतक केसर मसाला फैक्टरी में काम करता था. मौके पर आए फैक्ट्री के सुपरवाइजर अरविंद वाजपेई ने मृतक की पहचान की है. जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई. बताया जा रहा है कि युवक बारादेवी चौराहे पर रात आठ बजे आखरी बार दिखा था. पुलिस ने बताया कि आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा.

