ABC News: हैलट अस्पताल के डॉक्टरों ने एक ऐसे मरीज को फिर से स्वस्थ कर दिया है, जिसने सल्फास की एक दो नहीं बल्कि पांच गोलियां खा ली थीं. काफी गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में लाया गया युवक इलाज के बाद अब पूरी तरह से स्वस्थ है.
बताया जा रहा है कि कन्नौज के भदौसी निवासी श्रीराम शर्मा ने पिछले महीने पढ़ाई के लिए फीस न भर पाने पर निराश होकर सल्फास की पांच गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी. काफी ज्यादा गंभीर हालत में उसे 27 जनवरी को हैलट इमरजेंसी में लाया गया. जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि जब मरीज को यहां पर लगाया गया, तो उसका ब्लड प्रेशर रिकॉर्ड नहीं हो रहा था और हॉर्ट भी ब्लॉक था. इलाज शुरू करने के साथ मरीज के पेट की सफाई कराई गई तो उसका बीपी सामान्य हो गया और दिल भी काम करने लगा लेकिन उसकी दोनों किडनियों ने काम करना बंदकर दिया और उसका सीरम क्रिएटिनिन बढ़कर 15 तक पहुंच गया.
इसकी वजह से मरीज को यूरिन नहीं हो रहा था और उसके शरीर में सूजन बढ़ती जा रही थी. इसके बाद उसकी आठ बार डायलिसिस करायी गई. डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ हो चुका है. बुधवार को उसे हैलट से छुट्टी भी प्रदान कर दी गई. इस दौरान कन्नौज निवासी युवक भी अपनी जान बचाने के लिए हैलट के डॉक्टरों का धन्यवाद करता रहा.

