ABC News: कानपुर में जिस तरह से स्मार्ट सिटी के तहत ट्रैफिक कंट्रोल के लिए इंटीग्रेटेड कॉमन कमांड सेंटर नगर निगम में बना है. ठीक उसी तर्ज पर अब क्राइम कंट्रोल के लिए अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा. इसका निर्माण भी स्मार्ट सिटी के तहत किया जाएगा. इसको लेकर मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी बोर्ड की गुरूवार को हुई बैठक में फैसला किया गया.
मंडलायुक्त ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक कर इस बारे में विस्तृत चर्चा की जाएगी, जिसमें वाहन चोरी, डकैती, बैंकों में होने वाली घटनाओं समेत क्राइम कंट्रोल के अन्य सभी बिंदु शामिल करते हुए कंट्रोल रूम को तैयार किया जाएगा. इसके अलावा, कानपुर को सेफ सिटी बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा. इसको लेकर पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक कर आपरेशन त्रिनेत्र के तहत जो कैमरे लगाए गए हैं. उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से जोड़ते हुए व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा.
मंडलायुक्त ने बताया कि कानपुर मेें इस समय स्मार्ट सिटी के तहत 72 प्रोजेक्ट हैं, जिसमें कन्वेंशन सेंटर और मल्टीलेवल पार्किंग का काम पूरा होने की दिशा में है. अगले कुछ दिनों में यहां पर निरीक्षण कर हकीकत को परखा जाएगा.

