ABC News: कानपुर में विवादों में चल रहे परमट प्राइमरी स्कूल के मामले का हल निकल आया है. पिछले दिनों हुए विवाद के बाद अब दोनों पक्षों के विकास कार्य के स्थल का बंटवारा कर दिया है. इसके बाद समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने सोमवार को परमट प्राइमरी स्कूल में शिला स्थापित करने का ऐलान किया.
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि जिन्होंने रोका था, उन्होंने अब शीघ्र निर्माण करने को कहा है. ऐसे में जिस शिला का घर पर पूजन किया गया था, उसी को वहां पर स्थापित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि नक्शे को लेकर उनकी किसी तरह की आपत्ति नहीं है, स्कूल बनना महत्वपूर्ण कार्य है. इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उम्मीद करते हैं कि कल जब पूजन होगा, अब कोई असुर नहीं आएगा. उन्होंने कहा कि स्कूल के बाहर वह शिलापट और अपनी फोटो नहीं लगाएंगे लेकिन विरोध करने वालों की फोटो जरूर अपने घर के सामने लगाएंगे. जिससे उनका संकल्प और मजबूत हो, विधायक ने कहा कि शिला स्थापना के साथ उनका हठयोग भी समाप्त हो जाएगा.
16 जून को सांसद करेंगे शिलान्यास: सुरेश अवस्थी
कानपुर में परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय के निर्माण को लेकर निकले बीच के रास्ते के बाद भाजपा नेता सुरेश अवस्थी की भी प्रतिक्रिया सामने आयी है. भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने विकास कार्यों के बंटवारे पर जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा कि स्कूल सरकार की प्रॉपर्टी है, उसी को तय करना है कि कौन कहां पर काम करेगा. इसी के साथ उन्होेंने बताया कि पुरूषोत्तम मास चलने की वजह से सांसद रमेश अवस्थी इसका शिलान्यास नहीं करेंगे. पुरूषोत्तम मास खत्म होने के बाद 16 जून को शिलान्यास प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि पुरूषोत्तम मास में किसी तरह का शिलान्यास, शुभ कार्य नहीं होता है लेकिन सोमवार को शिला स्थापना करने से सपा विधायक का आचरण स्पष्ट हो गया है. भाजपा नेता ने कहा कि सांसद रमेश अवस्थी की निधि से यहां पर स्मार्ट क्लास, बाउंड्री वॉल और गेट बनाया जाएगा, इसके साथ ही एमएलसी सलिल विश्नोई ने भी अपनी निधि से कार्य कराने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि जनता के बीच अब सपा विधायक की नौटंकी सामने आ गई है. 2027 में उन्हें घर वापस भेजने की तैयारी है, इसके साथ ही यह भी कहा कि विवाद की स्थिति उस दिन भी नहीं आती. क्योंकि 15 तारीख को सपा विधायक को शिलान्यास करना था. 14 तारीख को सांसद का कार्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन अमिताभ बाजपेयी 13 को ही वहां पर आ गए, जिसकी वजह से विवाद हुआ था.

