ABC News: कानपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब संगीत टॉकीज जाने वाले रास्ते में पड़ने वाली बाजार के प्लास्टिक कुर्सी गोदाम में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है थोड़ी ही देर में आग इतनी विकराल हो गई कि यहां पर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.
इस दौरान गोदाम के अंदर फैली आग ने प्लास्टिक उत्पादों को अपनी जद में ले लिया. जिससे यह और विकराल हो गई. आग की वजह से काला धुआं पूरी सड़क पर ऐसा छा गया कि राहगीरों को वाहन चलाने में दिक्कत होने लगी.
थोड़ी ही देर में काले धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया, जिससे इस सड़क पर आवागमन भी बंद हो गया. इसकी वजह से बाजार के व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया. व्यापारियों ने आनन फानन में आग की सूचना दमकल विभाग को दी. मौके पर फजलगंज, लाटूश रोड, मीरपुर, कर्नलगंज आदि फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां भेजी गईं.
बताया जा रहा है कि आग की वजह से यहां पर जाने वाले रास्तों पर ऐसा जाम लगा कि दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि आग की घटना विकास केसरवानी नाम के शख्स के गोदाम में लगी है.
जानकारी इस बात की भी सामने आयी कि गोदाम में बिजली का कोई कनेक्शन नहीं था, व्यापारियों ने किसी शरारती तत्व की हरकत का भी अंदेशा जताया है.
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि दमकल की नौ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया है.

