ABC News: चौबेपुर थाना क्षेत्र में जूट के बोरों के एक गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई. भीषण आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका व्यक्त की गई है. आग की यह घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के गोगूमऊ गांव में शुभम ट्रेडर्स के बारदाना गोदाम में हुई है.
ग्रामीणों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची लपटें दूर-दूर से देखी जा सकती थीं. इस हादसे में गोदाम के अंदर रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया. सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. बताया जा रहा है कि गोदाम में जूट के बोरे भरे होने के कारण आग ने तेजी पकड़ी और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया. दमकल कर्मियों ने भारी धुएं और लपटों के बीच घंटों कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.
आग की वजह से गोदाम में रखे हजारों जूट के बोरे जल गए. गोदाम मालिक के अनुसार, नुकसान का आंकड़ा लाखों रुपये में है. वहीं, गोदाम में बिजली कनेक्शन न होने से आग लगने के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस और दमकल विभाग के अफसरों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

