ABC News: कानपुर साउथ सिटी के पॉश इलाके साकेतनगर में अवैध रूप से चल रहे गत्ता फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि जिस समय गत्ता फैक्ट्री में आग लगी, उस समय अधिकतर लोग अपने अपने घरों में गहरी नींद में सो रहे हैं. आग लगने की जानकारी पर यहां पर हड़कंप मच गया.

स्थानीय लोग अपने अपने संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे लेकिन सफल नहीं हो पाए. इस बीच सूचना पाकर मौके पर दमकल की सात गाड़ियां पहुंची और चारों तरफ से पानी की बौछार डालकर आग पर काबू करने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की चपेट में आने से फैक्ट्री के अंदर रखे छह सिलेंडर भी जोरदार धमाके से फट गए. जिससे आसपास के घरों की जहां दीवारें चटक गईं. वहीं खिड़कियों के शीशे तक टूट गए.

यही नही, धमाका इतना जोरदार था कि एक अपार्टमेंट की दीवार में बड़ा छेद भी हो गया. दमकल विभाग को मौके से छह कॉर्मशियल और पांच घरेलू सिलेंडर बरामद हुए हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की वजह से पड़ोस के मकानो की पानी की टंकियां और एसी की आउटडोर यूनिट भी जलकर खाक हो गई. स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध फैक्ट्रियों पर रोक लगाने की मांग की है.

