ABC News: कानपुर को उन्नाव से जोड़ने वाला पुराने गंगा पुल का एक बड़ा हिस्सा देर रात भरभराकर ढह गया. जिस समय पुल का हिस्सा गिरा, उस समय तेज आवाज से कानपुर और शुक्लागंज में घाट किनारे रहने वाले लोग भी सहम गए. सुबह जब लोगों ने यहां पर आकर देखा तो पुल का जर्जर हो चुका बड़ा हिस्सा ढह चुका था.

आपको बता दें कि अप्रैल 2021 में पुराने गंगा पुल की चार कोठियों में दरार आने पर इसे वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था. इसके अलावा इसके नीचे पैदल आने जाने वाले लोगों के लिए बना पुल भी इसके पहले ही बंद किया जा चुका था. अंग्रेजों के जमाने पर बना पुराना गंगा पुल करीब 150 साल पुराना हो चुका है. पुल पर लोग आवागमन न कर सकें. इसके लिए शुक्लागंज और कानपुर छोर पर पहले ही दीवार खड़ी की जा चुकी है. गौरतलब हो कि कानपुर और शुक्लागंज से रोजाना डेढ़ लाख से अधिक लोग रोजाना नौकरी, व्यापार आदि के सिलसिले में आवागमन करते हैं. फिलहाल शुक्लागंज से गोलाघाट तक बना नवीन गंगा पुल ही यातायात का एकमात्र विकल्प बचा है.

ब्रिटिश स्थापत्य कला का नमूना था पुराना गंगा पुल
कानपुर से शुक्लागंज को जोड़ने वाले पुराना गंगा पुल ब्रिटिश स्थापत्य कला का भी एक बेजोड़ नमूना माना जाता है. यही वजह थी कि अपनी उम्र पूरी करने के बावजूद इस पर वर्षों तक यातायात जारी रहा. बताया जाता है कि ब्रिटिश शासन के दौरान अवध एंड रूहेलखंड लिमिटेड कंपनी ने बनाया था. इस पुल को ब्रिटिश काल में सन 1874 में अवध एंड रूहेलखंड लिमिटेड कंपनी के जरिए बनवाया गया था. उस समय रेजीडेंट इंजीनियर एसबी न्यूटन और असिस्टेंट इंजीनियर ई वेडगार्ड की देखरेख में आठ सौ मीटर लंबा यह पुल तैयार हुआ था. पुल की आयु 100 वर्ष बताई गई थी, लेकिन यह 150 साल तक खड़ा रहा. इसके बाद पुल की संरचना में बिगड़ना शुरू हुई और इसकी 2, 10, 17 और 22 नंबर की कोठियों में दरारें आ गई थीं, जिसके बाद पुल का खतरनाक मानकर यहां पर आवागमन बंद किया गया था. पुल को फिर से चालू करने के लिए दिल्ली से वैज्ञानिकों की एक टीम ने इसकी जांच की थी, जिन्होंने पुल की मरम्मत के लिए 29 करोड़ 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत बताई थी. लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया, जिसके कारण पुल अब तक बंद रहा. यही नहीं, पुल के कानपुर छोर को तत्कालीन नगर आयुक्त शिवशरणअप्पा जीएन ने पिकनिक स्पॉट के तौर पर डेवलप करने की योजना बनाकर काम भी शुरू कराया लेकिन यह योजना भी आज तक परवान नहीं चढ़ सकी.

