ABC News: बर्रा पुलिस ने आटो ड्राइवर्स के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो दिन में तो आटो चलाता था लेकिन रात में बंद पड़े घरों को अपना निशाना बनाता था. पुलिस ने इस गिरोह के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जबकि तीन फरार बताए जा रहे हैं.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बर्रा के जरौली में बीती 19 दिसंबर को एक बंद पड़े घर में चोरी हुई थी. दो जनवरी को जब परिवार वाले यहां पर आए तो उन्हें जानकारी हुई और फिर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करायी. मामले की तफ्तीश कर रही बर्रा पुलिस ने फत्तेपुर मोड़ के पास दो अभियुक्तों को आटो समेत पकड़ा. जब इनसे पूछताछ की गई तो चोरी की घटना को उन्होंने स्वीकार किया.
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने अभियुक्त राज सक्सेना और विष्णु दुबे को गिरफ्तार किया है जबकि जय शर्मा, करण झा और विशाल फरार है. उन्होंने बताया कि सारे अभियुक्त आटो ड्राइवर हैं और आपस में दोस्त हैं. इनके पास से करीब 38 हजार रूपए और पांच लाख का चोरी का माल बरामद हुआ है. अभियुक्त राज सक्सेना पर पहले से ही चार मुकदमें दर्ज हैं.

