ABC News: देश के कई राज्यों के साथ-साथ कानपुर में भी बुधवार को जब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई मेल मिला तो हड़कंप मच गया., बताया जा रहा है कि करीब 15 स्कूलों को यह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है. जिन स्कूलों में धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ. उसमें जयपुरिया, गुलमोहर पब्लिक स्कूल, सेंट थॉमस, हडर्ड समेत अन्य स्कूल शामिल रहे.
जैसे ही इस बात की खबर लगी, इसको लेकर स्कूल प्रबंधन में भी चिंता का माहौल देखा गया. पुलिस अफसरों का कहना है कि विभाग की अधिकाधिक आईडी पर ऐसा कोई मेल नहीं मिला है, लेकिन मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलते ही कानपुर कमिश्नरेट पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और जांच में जुट गईं. इसके बाद सभी स्कूलों में पुलिस जांच करने भी पहुंची. ज्वाइंट सीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी यूनिट्स, बम डिटेक्शन स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और इंटेलिजेंस टीम को अलर्ट कर दिया है. सभी स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. साइबर सेल मेल भेजने वाले की लोकेशन और सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है.जब तक आरोपी की पहचान नहीं हो जाती, पुलिस की सतर्कता और जांच जारी रहेगी.

