ABC News: स्वरूपनगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है,, यह गिरफ्तारी पिछले दिनों एक डिलीवर ब्वाय की शिकायत के बाद की गई है. अभियुक्तों ने डिलीवरी ब्वाय के खाते में 130 करोड़ रुपये का लेनदेन किया. हालांकि जब डिलीवरी ब्वाय ने शिकायत की थी, तब रकम 35 करोड़ थी लेकिन पुलिस की जांच में धीरे धीरे जब परतें खुलती गईं तो अफसर भी हैरान रह गए.
स्वरूप नगर पुलिस ने इस मामले में दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बीकॉम का छात्र है. जांच में पता चला कि इस खाते के जरिए दिल्ली और यूपी की लगभग 19 फर्जी कंपनियों से करोड़ों का लेनदेन किया गया. पुलिस आरोपितों के पास मौजूद म्यूल खातों की संख्या के बारे में जानकारी जुटा रही है. जिससे आरोपितों के नेटवर्क के बारे में जानकारी की जा सके. बताया जा रहा है कि पकड़े गए एजेंटों ने शहर के साथ ही दिल्ली और प्रदेश की करीब 19 कंपनियों के खाते से लेनदेन किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से एक लैपटाप, रुपये गिनने की मशीन, छह मोबाइल फोन, 28 चेकबुक, 19 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जब जांच की गई तो नौ माह में 35 की जगह 130 करोड़ रुपये का लेनदेन करने की बात सामने आई.
आरोपितों के पास ऐसे कितने म्यूल बैंक अकाउंट है. इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. एजेंट अमान जहां बीकाम अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है वहीं वसीउद्दीन उर्फ सरताज बीए पास है. आरोपितों के पास से दो फर्मों के बैनर 39 साइन की हुई चेक, दो किराएदारीनामा, दो एग्रीमेंट एक सहमति पत्र और तीन आधारकार्ड बरामद हुए हैं. वहीं पीड़ित ओवैस का कहना है कि उसके द्वारा दी गई चेकों से ज्यादा का उपयोग एजेंटाें ने करते हुए करोड़ों का लेनदेन कर डाला है. आरोपियों ने पीड़ित के अकाउंट को माध्यम बनाकर विभिन्न कंपनियों से धनराशि मंगाई और बाद में उसे अन्य खातों में ट्रांसफर कर नकद निकासी के माध्यम से दुरुपयोग किया.

