ABC News: कानपुर के साढ़-कुड़नी मार्ग पर बरईगढ़ गांव के पास स्थित रामगंगा नहर पर अंग्रेंजोें के जमाने का पुल ढह गया. बताया जा रहा है कि ब्रिटिशकालीन पुल का मध्य हिस्सा रविवार भोर पहर अचानक बीच से टूटकर नहर में गिर गया. घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था.
ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में नहर पटरी कटने से इस घटना की आशंका थी, फिर भी नहर विभाग ने अनदेखा किया. स्थानीय लोगों के अनुसार यह पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका था. जिसके चलते पास में नया पुल निर्माणाधीन है. बावजूद इसके, लंबे समय से इसी पुराने पुल के जरिए लोगों का आवागमन जारी था. ग्रामीणों का आरोप है कि नहर विभाग की लापरवाही और समय पर उचित देखरेख न होने के कारण यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि सौ वर्ष पुराना यह ब्रिटिश कालीन पुल लंबे समय से भीतरगांव ब्लॉक के सीमावर्ती गांवों के जोङने के साथ बकेवर, मुसाफा व कुड़नी क्षेत्र के लिए मुख्य लाइफलाइन बना हुआ था.
पुल बहने की सूचना मिलते ही साढ़ पुलिस ने आनन-फानन मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने नहर के दोनों छोरों पर ईंटों की बैरिकेडिंग करा दी है और वहां से गुजरने वाले वाहनों को रोक दिया गया है. रूट डायवर्जन न होने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप बताया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले भी पानी की निकासी बाधित होने से नहर पटरी कट गई थी, लेकिन विभाग ने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया.

