ABC News: इंडिगो की एक फ्लाइट ने गुरुवार को अपनी उड़ान के बीच ‘मेडे’ कॉल करने की खबरें सामने आ रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6764 को ईंधन की कमी की वजह से पायलट की ओर से ‘फ्यूल मेडे’ कॉल करने के बाद बंगलूरू की ओर डायवर्ट करना पड़ा. चेन्नई एयरपोर्ट पर भीड़भाड़ के कारण विमान को समय पर वहां उतरने से रोका गया. आपातकालीन मार्ग परिवर्तन के दौरान विमान में यात्री सवार थे. फ्लाइट रात 8:15 बजे सुरक्षित रूप से बंगलूरू में उतरी.

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि विमान ने निर्धारित समय पर गुवाहाटी से उड़ान भरी थी. रात 8.11 बजे जब ट्रैफिक की वजह से विमान को चेन्नई में लैंड करने की अनुमति नहीं मिली तो पायलट ने बंगलूरू हवाई अड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) पर ‘ईंधन मेडे’ का संदेश भेजा. दरअसल, हवाई अड्डे पर रनवे खाली न होने की वजह से विमान को चेन्नई हवाई अड्डे के चारों ओर चक्कर लगाने पड़े. इसके बाद ईंधन की कमी को देखते हुए विमान को बंगलूरू हवाई अड्डे की ओर मोड़ने का फैसला किया गया. इसके बाद रात 8.15 बजे विमान को बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति दी गई. इसके बाद यात्रियों को विमान से उतार दिया गया. इसके बाद विमान में ईंधन भरा गया और यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई. विमान ने ईंधन भरने के बाद रात 10.24 बजे चेन्नई के लिए उड़ान भरी. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और सक्षम अधिकारियों को घटनाक्रमों के बारे में सूचित कर दिया गया है. इससे पहले शुक्रवार को मदुरै जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के 30 मिनट बाद ही चेन्नई वापस लौटना पड़ा था. फ्लाइट में कुल 68 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे. जैसे ही फ्लाइट में तकनीकी खराबी का पता चला, वैसे ही तुरंत यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को वापस चेन्नई की ओर मोड़ लिया और सेफ लैंडिंग की.

