ABC News: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी शनिवार, 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू हो गया है. मैच से पहले तिलक वर्मा ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी. वैभव को संजू सैमसन की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम के लिए डेब्यू करते ही वैभव ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. महज 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले वह सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. उन्होंने सचिन के अलावा शेफाली वर्मा का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है. भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था. सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. अब वैभव ने उनसे भी कम उम्र में टीम इंडिया की जर्सी पहनकर इतिहास रच दिया. इस सूची में तीसरे स्थान पर पूर्व स्पिनर पीयूष चावला हैं, जिन्होंने 17 साल 75 दिन की उम्र में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था.

आईपीएल से इंटरनेशनल क्रिकेट तक का धमाकेदार सफर
वैभव सूर्यवंशी की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने पहली बार उन्हें मौका दिया था. उस समय उन्होंने अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई थी, लेकिन असली विस्फोट आईपीएल 2026 में हुआ. पूरे सीजन में उन्होंने ऐसी बल्लेबाजी की कि दुनिया के दिग्गज गेंदबाज भी उनके सामने बेबस नजर आए. 15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की. इस दौरान उन्होंने 72 छक्के लगाए, एक शतक सहित छह बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. महज 327 गेंदों में 776 रन बनाना टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शनों में गिना जा रहा है.
दुनिया के बड़े गेंदबाजों को बनाया निशाना
वैभव ने आईपीएल में जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी और मैट हेनरी जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की. तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 239.11 रहा, जबकि स्पिनरों के खिलाफ भी उन्होंने 228 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. लगभग हर गेंदबाज के खिलाफ उनका पहला संदेश एक ही था, आक्रामक बल्लेबाजी.

रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी
– आईपीएल 2026 में वैभव ने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए जो पहले कभी देखने को नहीं मिले.
– 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती.
– 237.30 का स्ट्राइक रेट.
– एक सीजन में 72 छक्के.
– पावरप्ले में रिकॉर्ड 521 रन.
– पावरप्ले में 46 छक्के, जो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा हैं.
– केवल 440 गेंदों में 1000 आईपीएल रन पूरे कर सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बने.
– चार बार 16 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया.
– आईपीएल इतिहास में शुरुआती दोनों सीजन में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने.
– एक सीजन में तीन बार 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने.

