ABC News: भारत की महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने वीमेंस क्रिकेट में भारत और आयरलैंड के बीच राजकोट वनडे में विस्फोटक शतक जड़ा. मंधाना ने टीम इंडिया की ओर से खेलते हुए सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. उन्होंने महज 70 गेंदों में शतक पूरा कर लिया. मंधाना ने वनडे सीरीज के तीसरे मैच में चौके और छक्कों की बारिश कर दी. भारतीय टीम के लिए प्रतिका रावल ने भी मंधाना का खूब साथ दिया. प्रतिका रावल ने भी धूमध़ड़ाका मचाते हुए शानदार शतक जड़ा.

भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है. टीम इंडिया तीसरे और आखिरी वनडे में पहले बैटिंग करने मैदान पर उतरी. इस दौरान भारत के लिए मंधाना और प्रतिका ओपनिंग करने आईं. मंधाना ने 80 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 135 रनों की पारी खेली. उन्होंने इस दौरान 12 चौके और 7 छक्के लगाए. वहीं प्रतिका ने 129 गेंदों पर ताबड़तोड़ 154 रन बना लिए थे. इस दौरान प्रतिका ने 20 चौकों और एक छक्का लगाया. टीम इंडिया ने 47-2 ओवरों में 2 विकेट खोकर 414 रन बना लिए थे.

स्मृति मंधाना ने तोड़ा सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड
मंधाना ने भारत के लिए बैटिंग करते हुए सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने महज 70 गेंदों में सेंचुरी पूरी कर ली. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हरमनप्रीत कौर हैं. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2024 में 87 गेंदों में शतक जड़ा था. वहीं हरमनप्रीत इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 में 90 गेंदों में शतक लगा चुकी हैं. इस तरह मंधाना ने हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया.
भारत के लिए वीमेंस वनडे में सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाली प्लेयर्स –
70 – स्मृति मंधाना बनाम आयरलैंड, राजकोट, 2025
87 – हरमनप्रीत कौर बनाम दक्षिण अफ्रीका, बेंगलुरु, 2024
90 – हरमनप्रीत कौर बनाम ऑस्ट्रेलिया, डर्बी, 2017
90 – जेमिमा रोड्रिग्स बनाम आयरलैंड, राजकोट, 2025
98 – हरलीन देओल बनाम वेस्टइंडीज, वडोदरा, 2024

रावल ने मंधाना के साथ मिलकर बनाए ये रिकॉर्ड्स
रावल ने मंधाना के साथ मिलकर लगातार दूसरे वनडे मैच में 150 से अधिक रन की साझेदारी की है.यह जोड़ी अब लगातार 2 वनडे में 150+ रन की साझेदारी करने वाली भारत की पहली और विश्व की चौथी जोड़ी बनी है
रावल-मंधाना की जोड़ी ने 160 गेंदों पर 233 रन की साझेदारी की. यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इतिहास में भारत की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है.

जोरदार फॉर्म में चल रही है रावल
रावल ने आयरलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के अपनी शुरुआती 2 पारियों में 89 और 67 रन के स्कोर किए थेउन्होंने अपने युवा वनडे करियर में अब तक 6 पारियों में 400 से अधिक रन बना लिए हैं. इस बीच उन्होंने एक शतक के अलावा 3 अर्धशतक अपने नाम किए हैं.
उन्होंने दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में ही अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था.
महिला वनडे में दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों द्वारा शतक बनाने का यह तीसरा मौका है. इससे पहले 1999 में रेशमा गांधी और मिताली ने और 2017 में दीप्ति शर्मा और पूनम राउत ने शतक लगाए थे. तीनों ही शतक आयरलैंड के खिलाफ आए हैं.

