ABC News: भारत ने डेंगू की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपनी पहली डेंगू वैक्सीन QDENGA को मंजूरी दे दी है. ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने टाकेडा बायोफार्मास्यूटिकल्स इंडिया की इस वैक्सीन को बाजार में उतारने की अनुमति दी है. यह वैक्सीन 4 से 60 वर्ष की आयु के लोगों के लिए स्वीकृत की गई है. इसकी खास बात यह है कि इसे लगवाने से पहले यह जांच कराने की जरूरत नहीं होगी कि व्यक्ति पहले कभी डेंगू से संक्रमित हुआ है या नहीं. यानी पहले डेंगू हो चुका हो या नहीं, दोनों ही स्थिति में पात्र लोग यह वैक्सीन लगवा सकते हैं.

गौरतलब हो कि हर साल बारिश का मौसम शुरू होते ही मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है. इसी दौरान देशभर में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ जाते हैं. दुनियाभर में डेंगू के कुल मामलों में 1 तिहाई मामले भारत में पाए जाते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2025 में 1,13,000 से ज्यादा डेंगू के मामले सामने आए थे. रिपोर्ट्स के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी डेंगू वैक्सीन को मंजूरी दी है. इस वैक्सीन का इस्तेमाल 43 देशों में किया जा रहा है. इस वैक्सीन को साल 2022 में लॉन्च किया गया था. अब तक लगभग 32 मिलियन लोगों को ग्लोबली डेंगू वैक्सीन दी गई है. डेंगू वैक्सीन लगने के बाद शरीर इस वायरस को पहचान उसके खिलाफ शरीर में एंटीबॉडीज बनाने में लग जाता है. ऐसे में शरीर में डेंगू के वायरस को तुंरत मार देता है. ये वैक्सीन शरीर में इंफेक्शन और उसके गंभीर रिस्क को काफी हद तक कम देती है. वैक्सीन लेने के बाद अस्पताल में एडमिट होने की आशंका काफी हद तक कम हो सकती है. कंपनी ने बताया कि वैक्सीन को मंजूरी 19 वैश्विक क्लीनिकल ट्रायल के आंकड़ों के आधार पर दी गई है. इन परीक्षणों के फेज-1, फेज-2 और फेज-3 में 28,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया. इसके अलावा भारत में हुए फेज-3 DEN-302 क्लीनिकल ट्रायल के आंकड़ों को भी मंजूरी प्रक्रिया में शामिल किया गया. बताया जा रहा है कि सात वर्षों के फॉलो-अप अध्ययन में पाया गया कि यह वैक्सीन डेंगू वायरस के चारों प्रकारों से होने वाले संक्रमण और डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम से लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करती है. यह वैक्सीन 0.5 मिलीलीटर की दो खुराकों में दी जाएगी. दोनों डोज तीन महीने के अंतराल पर लगाई जाएंगी.

