ABC News: अंडर-19 एशिया कप के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 90 रनों से बुरी तरह रौंद दिया है. मेंस अंडर-19 एशिया कप का यह मैच दुबई में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 240 रन बनाए थे. इसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 150 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर ली है. गेंदबाजी में भारत के दीपेश देवेन्द्रन और कनिष्क चौहान ने जमकर कहर बरपाया, जिन्होंने तीन तीन विकेट लिए.

भारत की इस टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है. मैच में बारिश ने भी खलल डाली जिससे टॉस में देरी हुई और फिर मैच को 49-49 ओवर का कराने का फैसला किया गया. पाकिस्तान ने इस मैच में टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरोन जॉर्ज के 85 रन और कनिष्क चौहान के 46 रनों के दम पर 46.1 ओवर में 240 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 41.1 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान के लिए हुजैफा एहसान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में असफल रहे. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने हर वक्त पाकिस्तान को दबाव में रखा. पाकिस्तान के नियमित रूप से विकेट गिरते रहे. हालांकि, एहसान ने एक छोर से पारी को संभाले रखा था और वह अर्धशतक लगाने में भी सफल रहे. एहसान को कनिष्क ने अपना शिकार बनाया जो आठवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए. एहसान के आउट होते ही पाकिस्तान अंडर-19 टीम की पारी समेटने में देर नहीं लगी. भारत के लिए कनिष्क ने तीन और दीपेश ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि किशन कुमार सिंह को दो विकेट मिले. खिलान पटेल और वैभव सूर्यवंशी को एक-एक सफलता मिली.

