ABC News: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है. लेकिन, इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है. फाइनल मैच से पहले अभ्यास करते हुए टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोटिल हो गए हैं. महामुकाबले से पहले ‘रन मशीन’ के चोटिल होने से टीम इंडिया के फैंस डर गए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विराट रविवार को फाइनल मैच में खेलेंगे या नहीं?

विराट कोहली चोटिल हो गए हैं? ये खबर ऐसे समय में आई है जब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मैच शुरू होने में 24 घंटे से भी कम समय बाकी रह गया है. दरअसल दुबई स्थित ICC अकादमी में तेज गेंदबाजी के खिलाफ अभ्यास करते समय गेंद विराट कोहली के पैर में लग गई थी. एक मीडिया रिपोर्ट अनुसार गेंद लगने के बाद ‘किंग कोहली’ को दर्द से कराहते देखा गया, जिसके बाद उन्होंने अभ्यास भी रोक दिया था.पाकिस्तानी मीडिया चैनल जियो न्यूज के मुताबिक विराट कोहली को अभ्यास के समय घुटने में गेंद लगी. इसके बाद उन्होंने अभ्यास रोक दिया था और टीम इंडिया की मेडिकल टीम तुरंत पूर्व कप्तान के पास पहुंची. विराट के घुटने पर पेन रिलीविंग (दर्द दूर करने वाला) स्प्रे लगाया गया, जिसके बाद पूर्व भारतीय कप्तान मैदान में घुटने पर पट्टी बांधे हुए नजर आए. रिपोर्ट्स अनुसार अच्छी बात यह है कि विराट की चोट अधिक गंभीर प्रतीत नहीं हो रही है. विराट इस घटना के बाद प्रैक्टिस सेशन छोड़ कर नहीं गए थे. वो तब तक मैदान पर मौजूद रहे जब तक टीम का ट्रेनिंग सेशन समाप्त नहीं हो गया. भारतीय कोचिंग स्टाफ ने बाद में जानकारी देते हुए बताया कि विराट को ज्यादा क्षति नहीं पहुंची है और उम्मीद यही है कि वो फाइनल मैच खेलेंगे.चैंपियंस ट्रॉफी 2025 टूर्नामेंट में अभी तक विराट कोहली टीम इंडिया के टॉप बल्लेबाज रहे हैं. उन्होंने 4 पारियों में 217 रन बनाए हैं, जिनमें पाकिस्तान के खिलाफ लगाया गया शानदार शतक भी शामिल है. उनके बल्ले से एक फिफ्टी भी आई है. विराट बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं, ऐसे में फाइनल के लिए उनका फिट रहना टीम इंडिया के लिए अतिआवश्यक है.

