ABC News: भारतीय टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक लगाया। पंत ने शोएब बशीर पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया. यह पंत का सातवां टेस्ट शतक है और वह टेस्ट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है. पंत और शुभमन गिल की साझेदारी के दम पर भारत का स्कोर 400 रन के पार पहुंच गया है.
27 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उन्होंने शनिवार को अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक पूरा किया और टेस्ट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीट विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए. शतक पूरा करने के बाद पंत ने शानदार अंदाज में जश्न मनाया. उन्होंने अपने ग्लव्स और हेलमेट उतारा और समरसॉल्ट किया. उनका अंदाज देखकर कप्तान शुभमन गिल भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. अब सोशल मीडिया पर पंत के जश्न का वीडियो खूब वायरल हो रहा है.

मालूम हो कि, यह पहला मौका नहीं है जब पंत ने इस तरह जश्न मनाया है. इससे पहले उन्होंने आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स के आखिरी लीग मैच में शतक लगाया था और तब भी इस तरह जश्न मनाया था. पंत इस मैच में अलग रंग में नजर आए हैं और दूसरे दिन उन्होंने तेज बल्लेबाजी की है. पंत का यह काफी अहम है क्योंकि उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान धोनी को पीछे छोड़ दिया है. दरअसल, पंत टेस्ट मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले ये रिकॉर्ड धोनी के नाम था जिन्होंने टेस्ट में छह शतक लगाए थे.

वहीं, पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा तीन शतक लगाकर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. पंत ने अब तक अपने टेस्ट करियर में 79 छक्के लगाए हैं और उन्होंने इस मामले में भी धोनी को पीछे छोड़ दिया है. पंत ने 76 पारियों में ऐसा किया है. धोनी ने 144 पारियों में 78 छक्के लगाए हैं. पंत से आगे फिलहाल वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा हैं. सहवाग ने 90 और रोहित ने 88 छक्के लगाए हैं.

