ABC News: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पहली बार अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार दो डक का शिकार बने. एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोहली अपना खाता खोले बिना ही पवेलियन लौटे. एडिलेड के इस मैदान पर कोहली ने सबसे ज्यादा (विदेशी बैटर के रूप में तीनों फॉर्मेट पर) 975 रन बनाए, लेकिन 4 गेंदों का सामना करने के बाद वह डक पर फिर आउट हुए. इसके बाद उन्होंने एडिलेड मैदान में मैच देखने आए दर्शकों को देखकर को रिएक्शन दिया, उससे उनके संन्यास की चर्चा तेजी से होने लगी है.

भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर संघर्ष करते नजर आ रहे हैं. 2027 वनडे विश्व कप खेलने का लक्ष्य रखने वाले कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो मैचों में खाता खोले बिना आउट हुए हैं. यह पहली बार है जब कोहली अपने वनडे करियर में लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं. कोहली का बल्ला एडिलेड में जमकर चलता है, लेकिन इस बार यहां भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए थे. जेवियर बार्टलेट ने अपने दूसरे ही ओवर में भारत को दोहरा झटका दिया. उन्होंने पहले कप्तान शुभमन गिल को मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया और फिर कोहली को एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन की राह दिखाई. बार्टलेट की अपील पर अंपायर ने कोहली को आउट दिया, लेकिन विराट डीआरएस लेना चाह रहे थे. हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े रोहित ने उन्हें डीआरएस नहीं लेने की सलाह दी क्योंकि उन्हें पता था कि कोहली आउट हैं. विराट ने पूर्व कप्तान की बात मानी और पवेलियन की ओर लौट गए. कोहली के आउट होने से फैंस काफी निराश हुए, लेकिन ड्रेसिंग रूम लौटते वक्त जिस तरह उन्होंने हाथ हिलाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया इसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें कोहली आउट होने के बाद पवेलियन लौटते वक्त हाथ उठाकर दर्शकों का अभिवादन कर रहे हैं. इसे लोग कोहली के संन्यास से जोड़कर देख रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या कोहली ने वनडे से भी संन्यास लेने के संकेत दे दिए हैं? गौरतलब हो कि कोहली टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए बस वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं. इसमें कोई दोराय नहीं है कि कोहली का लक्ष्य 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में खेलना है, लेकिन एडिलेड में जिस तरह आउट होने के बाद उन्होंने दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया उससे अटकलों का बाजार एक बार फिर गर्म हो गया है.

शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी
इस 0 के स्कोर के साथ ही विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक अनचाहा रिकॉर्ड बना लिया है. वह अब अपने करियर में कुल 40वीं बार शून्य (डक) पर आउट हुए हैं. इसके साथ ही, वह इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने के मामले में तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के बराबर आ गए हैं. इस लिस्ट में अब वह संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. यह एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसकी उम्मीद उनके फैंस उनसे बिल्कुल नहीं करते थे. इस लिस्ट में पहले स्थान पर जहीर खान का नाम है. वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 43 बार 0 पर आउट हुए हैं.

