ABC News: भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए कमर कस ली है. रोहित और कोहली इस सीरीज से टीम में वापसी कर रहे हैं और उन्होंने आखिरी बार भारत के लिए इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था. रोहित इस सीरीज में कप्तानी नहीं करेंगे और पूर्णकालिक बल्लेबाज के तौर पर हिस्सा लेंगे.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज की शुरुआत 19 अक्तूबर से होगी और इससे पहले टीम इंडिया ने पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया. इस दौरान सभी की नजरें रोहित और कोहली पर रहेंगी. दोनों पूर्व भारतीय कप्तान ने नेट्स में करीब 30 मिनट तक बल्लेबाजी की. भारतीय टीम तीन वनडे और पांच टी20 मैच के सीमित ओवरों के दौरे के लिए बुधवार और गुरुवार को दो समूहों में ऑस्ट्रेलिया पहुंची. रोहित को नेट्स में समय बिताने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत करते भी देखा गया. कोहली और रोहित दोनों ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और पिछले साल बारबडोस में टी20 विश्व कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा था.

यह आखिरी बार हो सकता है जब ये दोनों महान खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में खेलें. विश्व कप 2027 में इन दोनों की भागीदारी अभी तय नहीं है क्योंकि उस समय उनकी फॉर्म और फिटनेस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा. हालांकि नए कप्तान शुभमन गिल ने दोनों सुपरस्टार्स के अपार अनुभव को देखते हुए उनका समर्थन किया है. नेट सत्र के बाद कोहली को गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ बातचीत करते देखा गया जिसके बाद उन्होंने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ भी बात की. टीम का शुक्रवार और शनिवार को एक ट्रेनिंग सत्र है.
The only time you truly fail, is when you decide to give up.
— Virat Kohli (@imVkohli) October 16, 2025
विराट कोहली ने किया चौंकाने वाला पोस्ट
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले सोशल मीडिया पर एक रहस्यमय पोस्ट डालकर फैंस को चौंका दिया है. टेस्ट और टी20 क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके कोहली का यह पोस्ट उनकी अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर नए कयासों को जन्म दे रहा है. विराट कोहली ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, ‘आप सचमुच तभी असफल होते हैं, जब हार मानने का फैसला लेते हैं.’ इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. कई फैंस मान रहे हैं कि यह संदेश कोहली की कड़ी वापसी के संकेत हैं, जबकि कुछ इसे संभावित संन्यास की भूमिका के रूप में देख रहे हैं. कोहली ने आखिरी बार भारत के लिए मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था, जब उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

